‘कोर्ट वाली दीदी’ के नाम से स्कूल में लगेगा शिकायत बॉक्स, मजिस्ट्रेट ने छात्रों को सिखाए साइबर सुरक्षा के गुर

Kanwas News/सांगोद. नगर में स्थित निजी स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें ACGM न्यायिक मजिस्ट्रेट शुभ्रा शर्मा ने कक्षा 6वीं से 12वीं तक के छात्र-छात्राओं को कानूनी साक्षरता एवं ऑनलाइन मोबाइल फ्रॉड के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम के दौरान न्यायिक मजिस्ट्रेट ने बताया कि आज के समय में बच्चे ऑनलाइन गेम, शॉपिंग और सोशल मीडिया के माध्यम से आसानी से फ्रॉड का शिकार हो जाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को सावधान करते हुए कहा कि अपने निजी फोटो और वीडियो किसी के साथ साझा न करें और किसी भी प्रकार के हथियारों के साथ फोटो पोस्ट करने से बचें। उन्होंने यह भी समझाया कि इंस्टाग्राम, व्हाट्सएप और फेसबुक जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अनजान लोगों से दोस्ती करने से बचें और किसी भी स्थिति में OTP साझा न करें। साथ ही, किसी भी आपत्तिजनक पोस्ट को शेयर करने से भी बचने की सलाह दी, क्योंकि इससे अनजाने में अपराध का हिस्सा बन सकते हैं।

इस मौके पर विद्यालय परिसर में “कोर्ट वाली दीदी” नाम से एक शिकायत बॉक्स भी स्थापित किया गया। इस बॉक्स में छात्र-छात्राएं अपनी किसी भी समस्या या शिकायत को बिना डर के लिखकर डाल सकते हैं। यदि किसी को रास्ते में परेशान किया जाता है, विद्यालय में असहज या ‘बेड टच’ जैसी स्थिति का सामना करना पड़ता है, या कोई ऐसी समस्या है जिसे वे घर पर नहीं बता पा रहे हैं, तो वे इस बॉक्स का उपयोग कर सकते हैं। बताया गया कि इस शिकायत बॉक्स को हर 7 महीने में स्वयं मजिस्ट्रेट की निगरानी में खोला जाएगा और प्राप्त शिकायतों पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। कार्यक्रम की शुरुआत में संस्था प्रधान रामावतार वर्मा एवं प्रधानाचार्य मधुबाला शर्मा द्वारा न्यायिक मजिस्ट्रेट का माल्यार्पण कर एवं प्रतीक चिन्ह भेंट कर स्वागत किया गया।

(न्यूज- रवि राठौर/कनवास)

Kanwas News
Author: Kanwas News

क्षेत्रों से जुड़ी हर छोटी बड़ी खबरों के साथ

और पढ़ें
और पढ़ें