Kanwas News/कनवास. कस्बे में गुरुवार देर रात मौसम के बदले मिजाज ने रामनवमी मेले के रंग में भंग डाल दिया। करीब 11 बजे आए तेज आंधी-तूफान और धूल भरी हवाओं के कारण मेला स्थल पर अफरा-तफरी मच गई, जिससे आयोजकों और श्रद्धालुओं को असुविधा का सामना करना पड़ा।
शुरू होते ही थमे सांस्कृतिक कार्यक्रम- मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम मची हुई थी। बृज की होली, महाबली हनुमान, मयूर नृत्य और शिव विवाह जैसे मनमोहक आयोजनों की शुरुआत ही हुई थी कि अचानक आसमान में काली घटाएं छा गईं। हल्की बूंदाबांदी के साथ शुरू हुआ सिलसिला देखते ही देखते तेज आंधी में बदल गया। आंधी की रफ्तार इतनी तेज थी कि कार्यक्रम स्थल पर लगाए गए अस्थाई टेंट, भारी-भरकम साउंड सिस्टम और सजावटी सामान हिलने लग गए। धूल भरी आंधी के कारण बिजली के पोल पर तार टूटने से कस्बे की बिजली व्यवस्था करीब 2 घंटे तक पूरी तरह ठप रही, जिससे पूरे इलाके में अंधेरा छा गया।
कार्यक्रमों की तारीखों में बदलाव- मौसम की अनिश्चितता को देखते हुए मेला कमेटी ने कार्यक्रमों के शेड्यूल में बड़ा बदलाव किया है। जो सांस्कृतिक कार्यक्रम गुरुवार रात बाधित हुए थे, उन्हें आज (3 अप्रैल) मेला स्थल पर पुनः आयोजित किया जाएगा। स्कूली बच्चों का कार्यक्रम: पूर्व में 3 अप्रैल को होने वाला स्थानीय स्कूली बच्चों का कार्यक्रम अब 6 अप्रैल को आयोजित होगा।










