शॉर्ट सर्किट से खेत में लगी आग, दो फ़ायर टीमों ने 300 बीघा गेहूं की फसल बचाई

Kanwas News/सांगोद. कमोलर-डाबरी रोड पर शुक्रवार को अचानक एक खेत में शॉर्ट सर्किट के कारण भीषण आग लग गई, जिससे आसपास के गांव में हड़कंप मच गया। घटना के बाद आसपास के ग्रामीणों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका। इसके बाद बपावर थाने को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही बपावर से तुरंत फायर ब्रिगेड को मौके पर रवाना किया गया। मौके पर पहुंचकर फायर टीम ने आग बुझाने का प्रयास शुरू किया, लेकिन तब तक आग बड़े क्षेत्र में फैल चुकी थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सांगोद नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी मनोज कुमार मालव को सूचना दी गई, जिन्होंने तुरंत फायर इंचार्ज शोभाराम मीणा को निर्देश दिए।

इसके बाद सांगोद से भी फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची और संयुक्त प्रयासों से आग बुझाने का कार्य तेज किया गया। करीब 40 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। इस दौरान खेतों में खड़ी किसानों की पकी हुई फसल को बड़ा नुकसान होने से बचा लिया गया। अनुमानित रूप से करीब 300 बीघा गेहूं की फसल सुरक्षित बचा ली गई। आग बुझाने में डीसीपीयू पवन सुमन, फायरमैन अंकुश गोचर और हिमांशु सुमन सहित दो फायर ब्रिगेड की गाड़ियां और स्थानीय ग्रामीणों का सराहनीय सहयोग रहा।

(न्यूज- रवि राठौर/कनवास)

Kanwas News
Author: Kanwas News

क्षेत्रों से जुड़ी हर छोटी बड़ी खबरों के साथ

और पढ़ें
और पढ़ें