सांगोद में सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाया गया ईद-उल-फितर का पर्व

Kanwas News/सांगोद. क्षेत्र में ईद-उल-फितर का त्योहार शनिवार को हर्ष, उल्लास और आपसी सौहार्द के साथ मनाया गया। चाँद दिखाई देने के बाद मुस्लिम समाज के लोगों ने पूरे उत्साह के साथ ईद का पर्व मनाया और एक-दूसरे को गले लगाकर मुबारकबाद दी। ईद की नमाज़ से पूर्व कोटा रोड स्थित ईदगाह को फूलों से आकर्षक रूप से सजाया गया। सुबह करीब साढ़े आठ बजे जामा मस्जिद के पेश इमाम एवं नायब काजी हाफिज बिलाल अहमद ने ईदगाह में नमाज़ अदा करवाई। नमाज़ के दौरान देश में अमन, चैन, शांति और भाईचारे की दुआ की गई। वक्फ कमेटी सदर मिर्जा मुश्ताक अहमद, सचिव मजीद भाई सिंगीवाला और कोषाध्यक्ष जब्बार भाई सिंगीवाला ने बताया कि रमज़ान के पूरे महीने रोजेदारों ने रोज़े रखकर इबादत की, पांच वक्त की नमाज़ अदा की और कुरान शरीफ का पाठ किया। इस दौरान बड़े-बुजुर्गों के साथ बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक रोज़े रखे।

ईद के मौके पर बच्चे और युवा नए कपड़े पहनकर, सिर पर टोपी लगाए बेहद खुश नजर आए। नमाज़ के बाद वक्फ कमेटी के पदाधिकारियों व समाज के गणमान्य लोगों द्वारा पेश इमाम का साफा बांधकर और फूल-मालाओं से स्वागत कर सम्मान किया गया। ईदगाह परिसर के बाहर जनप्रतिनिधि एवं समाजसेवी भी मौजूद रहे और सभी को ईद की शुभकामनाएं दीं। प्रशासन की ओर से भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। तहसीलदार, पुलिस उप अधीक्षक व थाना अधिकारी सहित पुलिस जाप्ता तैनात रहा। नमाज़ के बाद मुस्लिम समाज के लोग कब्रिस्तानों में पहुंचे और अपने दिवंगत परिजनों की कब्रों पर जाकर दुआएं की। ईद का यह पर्व क्षेत्र में आपसी भाईचारे, प्रेम और सौहार्द की मिसाल बनकर मनाया गया।

(न्यूज- रवि राठौर/कनवास)

Kanwas News
Author: Kanwas News

क्षेत्रों से जुड़ी हर छोटी बड़ी खबरों के साथ

और पढ़ें
और पढ़ें