Kanwas News/सांगोद. उपखंड क्षेत्र में विद्युत विभाग ने बकायादार उपभोक्ताओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए अवैध केबल हटाने का अभियान चलाया। इस विशेष अभियान के दौरान गुरुवार को प्रातः 9 बजे से शाम 5 बजे तक विभाग की टीमों ने अलग-अलग फीडरों पर पहुंचकर बकायादार उपभोक्ताओं को पहले समझाइश दी और इसके बाद अवैध केबल हटाने की कार्रवाई की। सहायक अभियंता प्रमोद यादव ने बताया कि अभियान के दौरान करीब 120 पूर्व बकायादार उपभोक्ताओं की अवैध केबल उतारी गई। कार्रवाई के लिए दो टीमों का गठन किया गया। 
एक टीम का नेतृत्व कनिष्ठ अभियंता जितेंद्र शर्मा ने किया, जबकि दूसरी टीम का नेतृत्व कनिष्ठ अभियंता हेमंत सैनी ने किया। अभियान के दौरान विनोद कला, विनोद खुर्द, मालिहेड़ा, खेड़ली गुडला, मंडित, कुंदनपुर, गुरुआता अकोदिया, बोरिन खुर्द, जोगड़ा, किशनपुरा, बोरीन कला और खजुरी सहित कई गांवों में अवैध केबल हटाकर नियमानुसार कार्रवाई की।
सहायक अभियंता प्रमोद यादव ने बताया कि सभी बकायादार उपभोक्ताओं को 14 मार्च को सांगोद में आयोजित होने वाली लोक अदालत के बारे में भी जानकारी दी गई, ताकि उपभोक्ता अपने पुराने बिजली बिल जमा कर उनका निस्तारण करवा सकें।
(न्यूज- मनोज मेहरा)











