Kanwas News/कनवास. थाना पुलिस ने ऑपरेशन रूट क्लियरेंस के तहत अवैध मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 54 किलो 500 ग्राम डोडा चूरा और 419 ग्राम अफीम बरामद की है। पुलिस ने इस मामले में दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार कर तस्करी में प्रयुक्त कार को भी जब्त किया है। बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस अधीक्षक कोटा ग्रामीण सुजीत शंकर ने बताया कि पुलिस मुख्यालय राजस्थान जयपुर के निर्देश पर अवैध गतिविधियों की रोकथाम और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामकल्याण मीणा और वृत्ताधिकारी सांगोद नरेन्द्र जैन के सुपरविजन में थाना कनवास के थानाधिकारी अनूप सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम द्वारा कोटा-झालावाड़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर नाकाबंदी के दौरान एक संदिग्ध कार को रुकवाकर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन से 54 किलो 500 ग्राम डोडा चूरा और 419 ग्राम अफीम बरामद हुई। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिनकी पहचान कुलदीप सोनी (24) निवासी कृष्ण नगर, नारनौल जिला महेंद्रगढ़ (हरियाणा) हाल निवासी ग्राम गवाना, थाना सदर बहरोड़ जिला कोटपुतली-बहरोड़ (राजस्थान) तथा संजय (28) निवासी मातावाला मोहल्ला, नारनौल जिला महेंद्रगढ़ (हरियाणा) के रूप में हुई है।
पुलिस टीम में शामिल सदस्य- कार्रवाई में हेड कांस्टेबल महिपाल, कैलाश, सुभाष, विनोद, हरिराम (चालक) और प्रकाश रहे।
विशेष भूमिका- कांस्टेबल बीरबल सिंह (आसूचना अधिकारी)
(न्यूज- रवि राठौर)











