Kanwas News/कनवास. क्षेत्र के खोदिया खेड़ी गांव में खेत पर फसल कटाई के दौरान मधुमक्खियों के हमले से एक ही परिवार के चार लोग घायल हो गए। घटना के बाद आसपास काम कर रहे किसानों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र कनवास पहुंचाया, जहां उनका उपचार किया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार गोलू भील अपनी पत्नी आरती एवं दो छोटे बच्चों के साथ खेत में रजका की कटाई कर रहे थे। इसी दौरान अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने परिवार पर हमला कर दिया। हमले से परिवार के सभी सदस्य घबरा गए और उनके शरीर पर कई स्थानों पर डंक लग गए।
घटना को देखकर पास के खेतों में कार्य कर रहे किसानों ने मानवता का परिचय देते हुए तुरंत मौके पर पहुंचकर सभी को सुरक्षित बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। स्वास्थ्य केन्द्र में ड्यूटी पर तैनात डॉ. लाल सिंह मीणा और नर्सिंग स्टाफ कृष्ण कुमार ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया। उपचार के बाद सभी की हालत सामान्य होने पर उन्हें घर भेज दिया गया। चिकित्सा कर्मियों ने किसानों से खेतों में कार्य करते समय विशेष सतर्कता बरतने तथा मधुमक्खियों के छत्तों से उचित दूरी बनाए रखने की अपील की है।
(न्यूज- रवि राठौर/कनवास)











