Kanwas News/सांगोद. क्षेत्र की ग्राम पंचायत खजूरी (ओदपुर) में पिछले सात दिनों से आयोजित श्रीमद् भागवत कथा का शुक्रवार को भव्य एवं श्रद्धापूर्ण वातावरण में समापन हुआ। पूरे सप्ताह गांव भक्तिमय माहौल में सराबोर रहा और प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु कथा श्रवण के लिए पहुंचते रहे। समापन दिवस पर आसपास के गांवों से भी भारी भीड़ उमड़ी, जिससे कथा पांडाल खचाखच भरा नजर आया। समापन कार्यक्रम की शुरुआत प्रातःकाल हवन-यज्ञ से हुई। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच यजमान परिवार सहित सैकड़ों श्रद्धालुओं ने हवन कुंड में आहुतियां अर्पित कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। पूरा वातावरण “हरि बोल” और “जय श्रीकृष्ण” के जयकारों से गूंज उठा। हवन-यज्ञ के पश्चात पवित्र श्रीमद् भागवत ग्रंथ को सुसज्जित पालकी में विराजित कर पूरे गांव में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा के दौरान जगह-जगह ग्रामीणों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। महिलाओं ने मंगल गीत गाए, जबकि युवाओं ने भक्ति नारों के साथ माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया।
कथा स्थल पर लौटने के बाद सामूहिक महाआरती का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने एक साथ दीप प्रज्वलित कर भगवान की आराधना की। महाआरती के पश्चात श्रद्धालुओं को प्रसादी वितरित की गई। संपूर्ण कथा का वाचन कथा वाचक चित्रांश शर्मा ने अत्यंत भावपूर्ण और ओजस्वी शैली में किया। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण के जन्म, बाल लीलाओं, गोवर्धन पूजा एवं भक्त प्रह्लाद जैसे प्रसंगों का सजीव वर्णन कर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।
आयोजन समिति ने कथा को सफल बनाने में सहयोग देने वाले ग्रामवासियों, भामाशाहों एवं श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया। कथा में खजूरी (ओदपुर) सहित खाताखेड़ी, आकोदिया, खरकनाखेड़ी, खुमावदा और आसपास के गांवों के श्रद्धालु बड़ी संख्या में मौजूद रहे। यह आयोजन गांव में धार्मिक आस्था, सामाजिक एकता और सांस्कृतिक परंपराओं को सुदृढ़ करने का माध्यम बना।
(न्यूज- कुलदीप नागर)











