दरा स्टेशन पर नशे में धुत ट्रक चालक का कहर: राहगीर घायल, दो कारें क्षतिग्रस्त

Kanwas News/कनवास. थाना क्षेत्र के दरा स्टेशन में एक बड़ा हादसा टल गया, जब नशे में धुत ट्रक चालक ने तेज रफ्तार में वाहन चलाते हुए बस स्टैंड के पास खड़ी कार और राह चलते व्यक्ति को टक्कर मार दी। घटना दरा कस्बे में कोटा–झालावाड़ मार्ग पर हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक चालक ने नशे की हालत में संतुलन खो दिया और पहले सड़क किनारे खड़ी कार को टक्कर मारी, फिर एक अन्य कार और वहां से गुजर रहे युवक को चपेट में ले लिया। हादसे में युवक के पैर में गंभीर चोट आई है। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत 108 एंबुलेंस की सहायता से घायल को अस्पताल भिजवाया, जहां उसका उपचार जारी है।दुर्घटना में दो कारें क्षतिग्रस्त हो गईं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गुस्साए ग्रामीणों ने ट्रक चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना मिलते ही कनवास थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को जब्त कर लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी में चालक के नशे में होने की बात सामने आई है। स्थानीय व्यापारियों और ग्रामीणों का कहना है कि कोटा–झालावाड़ मार्ग पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार के कारण हर समय हादसे का अंदेशा बना रहता है। उन्होंने कई बार बस स्टैंड के पास स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग की है, ताकि भारी वाहन धीमी गति से गुजरें और दुर्घटनाओं पर अंकुश लग सके।

(न्यूज- रवि राठौर)

Kanwas News
Author: Kanwas News

क्षेत्रों से जुड़ी हर छोटी बड़ी खबरों के साथ

और पढ़ें
और पढ़ें