सांगोद न्हाण 2026: 4 मार्च को मां ब्रह्मणी की पूजा के साथ होगा आगाज, सुरक्षा और सुविधाओं पर प्रशासन का जोर

Kanwas News/सांगोद. नगर में 4 मार्च से शुरू होने जा रहे पांच दिवसीय ऐतिहासिक न्हाण लोकोत्सव 2026 को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। उपखंड अधिकारी सपना कुमारी ने विभागीय अधिकारियों और दोनों पक्षों के पंच-पटेलों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पंचायत समिति सांगोद में उपखंड अधिकारी की अध्यक्षता में होली, धूलंडी और पांच दिवसीय न्हाण लोकोत्सव की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में न्हाण अखाड़ा चौधरीपाड़ा और न्हाण अखाड़ा चौबे पाड़ा के सदस्यों को आमंत्रित कर लोकोत्सव की सभी गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा की गई। दोनों पक्षों के प्रतिनिधियों ने 4 से 9 मार्च तक आयोजित होने वाले इस ऐतिहासिक लोकोत्सव की परंपराओं और कार्यक्रमों की जानकारी दी तथा प्रशासन को हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।

एसडीएम सपना कुमारी ने पुलिस, नगर पालिका, सार्वजनिक निर्माण विभाग, विद्युत विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों को न्हाण के रूट का संयुक्त निरीक्षण कर व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए। अधिशासी अधिकारी मनोज मालव को बैरिकेटिंग, पेयजल, विद्युत व्यवस्था और चलित शौचालय की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।

 ऐसा रहेगा 5 दिवसीय कार्यक्रम (4 मार्च से 9 मार्च) –

4 मार्च दोनों पक्षों द्वारा जुलूस, मां ब्रह्माणी की पूजा और घूघरी प्रसाद का वितरण।

5 मार्च बाजार पक्ष की ‘बारह भाले’ की सवारी और सांस्कृतिक कार्यक्रम।

6 मार्च बाजार पक्ष की भव्य ‘बादशाह की सवारी’।

7 मार्च पड़त (अवकाश)।

8 मार्च खाड़ा पक्ष की ‘बारह भाले’ की सवारी।

9 मार्च खाड़ा पक्ष की ‘बादशाह की सवारी’ के साथ उत्सव का समापन।

करीब 500 साल पुरानी रियासतकालीन परंपरा वाला यह लोकोत्सव हाड़ौती ही नहीं, पूरे राजस्थान में प्रसिद्ध है। प्रतिवर्ष करीब एक लाख से अधिक लोग इस अनूठी परंपरा के साक्षी बनते हैं। लुहारों के चौक से निकलने वाली सवारियां, सांस्कृतिक कार्यक्रम और स्थानीय कलाकारों के हैरतअंगेज करतब आकर्षण का केंद्र रहते हैं। बैठक में न्हाण के दौरान होने वाली अश्लील और फूहड़ नारेबाजी की परंपरा पर भी चर्चा हुई। एसडीएम सपना कुमारी ने दोनों पक्षों से इस फूहड़ता को समाप्त कर सौहार्दपूर्ण वातावरण में लोकोत्सव मनाने की अपील की। उन्होंने सुझाव दिया कि इस वर्ष दोनों पक्ष एक-दूसरे का फूलों से स्वागत करें और पत्थरबाजी जैसी घटनाओं पर पूर्ण रोक लगाएं। साथ ही न्हाण में शामिल होने वाले किन्नर पारंपरिक राजस्थानी वेशभूषा में भाग लें, ताकि लोकोत्सव में संस्कृति की झलक दिखाई दे।

एसडीएम सपना कुमारी- “न्हाण सांगोद की पहचान है। इसे प्रेम, सद्भाव और संस्कृति के साथ आगे बढ़ाना हम सबकी जिम्मेदारी है”बेठक में पुलिस उप अधीक्षक नरेंद्र जैन, प्रशिक्षु आरपीएस मदन सिंह ढाका, खंड विकास अधिकारी, नायब तहसीलदार सहित दोनों पक्षों के पंच-पटेल और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। प्रशासन और समाज के संयुक्त प्रयास से इस वर्ष न्हाण लोकोत्सव को शांति, सद्भाव और सांस्कृतिक गरिमा के साथ आयोजित करने की तैयारी है।

(न्यूज- बीएम राठौर)

Kanwas News
Author: Kanwas News

क्षेत्रों से जुड़ी हर छोटी बड़ी खबरों के साथ

और पढ़ें
और पढ़ें