NH-52 दरा घाटी में भीषण भिड़ंत: केबिन में फंसे कंटेनर चालक की दर्दनाक मौत, 5 किमी तक लगा लंबा जाम

Kanwas News/कनवास. क्षेत्र के नेशनल हाईवे 52 पर दरा घाटी में मजार के पास रविवार देर रात भीषण सड़क दुर्घटना हो गई। आमने-सामने की टक्कर में एक कंटेनर चालक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि हादसे के बाद हाईवे करीब दो घंटे तक पूरी तरह बंद रहा और दोनों ओर पांच-पांच किलोमीटर लंबा जाम लग गया।

रात 12:30 बजे हुआ हादसा- कनवास थाना अधिकारी अनूप सिंह के अनुसार दुर्घटना रात करीब 12:30 बजे हुई। कोटा की ओर जा रहा कंटेनर और झालावाड़ की ओर से आ रहा ट्रक आमने-सामने भिड़ गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।

डेढ़ घंटे तक केबिन में फंसा रहा चालक- हादसे के बाद कंटेनर चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया। उसके दोनों पैर स्टेयरिंग के नीचे दब गए थे। पुलिस और स्थानीय लोगों ने केबिन की फाटक तोड़कर करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद चालक को बाहर निकाला। रात करीब 2 बजे 108 एंबुलेंस से उसे मंडाना अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।नमृतक की पहचान जमील के रूप में- दुर्घटना में मृत चालक की पहचान गाजीपुर जिले के निवासी जमील के रूप में हुई है। मौके से गुजर रहे दूसरे ट्रक चालक फैयाज ने उसकी पहचान की पुष्टि की। शव को मंडाना अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। परिजनों के आने के बाद पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जाएगी।

ट्रक चालक फरार, तलाश जारी- झालावाड़ की ओर से आ रहे ट्रक का चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को जब्त कर लिया गया है।10 घंटे तक रेंगता रहा ट्रैफिक-  भारी क्रेन की मदद से रात करीब ढाई बजे दोनों वाहनों को हटाया गया, जिसके बाद हाईवे चालू किया गया। बावजूद इसके दरा घाटी क्षेत्र में करीब 10 घंटे तक ट्रैफिक रेंगता रहा। पुलिस का पूरा जाप्ता मौके पर तैनात रहकर यातायात व्यवस्था संभालता रहा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार चालक की तलाश जारी है।

(न्यूज- रवि राठौर/कनवास)

Kanwas News
Author: Kanwas News

क्षेत्रों से जुड़ी हर छोटी बड़ी खबरों के साथ

और पढ़ें
और पढ़ें