बपावर में सफाई व्यवस्था चरमराई: हड़ताल से जगह-जगह गंदगी के ढेर, जनता परेशान

Kanwas News/मोईकलां. क्षेत्र के बपावर कस्बे में इन दिनों सफाई व्यवस्था पूरी तरह पटरी से उतर गई है। सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के चलते कस्बे में जगह-जगह गंदगी के ढेर लगे हुए हैं, जिससे आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कस्बे के मुख्य चौराहों, सब्जी मंडी, तीन मूर्ति चौराहा और स्कूल के आसपास कचरे के अंबार लगे हैं। गंदगी से उठती दुर्गंध ने लोगों का जीना दूभर कर दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार फैल रही गंदगी से बीमारियों का खतरा बढ़ता जा रहा है। ग्रामीणों के अनुसार जब संबंधित ठेकेदार से सफाई व्यवस्था को लेकर बात की जाती है तो वह समय पर वेतन नहीं मिलने का बहाना बनाकर जिम्मेदारी से किनारा कर लेता है।

जानकारी के अनुसार पिछले एक वर्ष में सफाई कर्मचारी चार से अधिक बार हड़ताल पर जा चुके हैं, जिससे व्यवस्था बार-बार प्रभावित हुई है। वहीं बपावर पंचायत प्रशासक रविंद्र गुप्ता का कहना है कि ग्राम विकास अधिकारी को समस्या से अवगत कराने के बावजूद इस ओर गंभीरता नहीं दिखाई जा रही है। इधर कभी ठेकेदार जिम्मेदारी पंचायत पर डाल देता है तो कभी पंचायत ठेकेदार पर—लेकिन इस खींचतान का खामियाजा आखिरकार आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। फिलहाल कस्बे की हालत यह है कि जिस गली से भी गुजरें, वहां दुर्गंध और गंदगी से लोग परेशान नजर आते हैं। अब देखना यह होगा कि प्रशासन कब तक इस गंभीर समस्या का समाधान करता है और कस्बे को गंदगी से राहत मिलती है।

(न्यूज- बंटी जोशी)

Kanwas News
Author: Kanwas News

क्षेत्रों से जुड़ी हर छोटी बड़ी खबरों के साथ

और पढ़ें
और पढ़ें