3 दिन का अल्टीमेटम: मोईकलां गौशाला की व्यवस्था नहीं सुधरी तो पंचायत पर धरना देंगे गोसेवक

Kanwas News/मोईकलां. कस्बे में श्री पायरा हनुमान मंदिर परिसर के पास संचालित गोशाला पर अब सवाल खड़े हो गए हैं। कस्बे के गौसेवकों ने गोशाला संचालन को लेकर कई गंभीर आरोप लगाए हैं और बपावर थाना प्रभारी व उपखण्ड अधिकारी को लिखित शिकायत सौंपी है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि गोसेवा के नाम पर केवल औपचारिकताएं निभाई जा रही हैं। बताया गया है कि गोशाला में कई गोवंश बीमार अवस्था में पड़े रहते हैं और उनकी समुचित देखभाल नहीं की जाती। गौसेवकों का कहना है कि मरणा सन्न स्थिति में गायों को छोड़ दिया जाता है और समय पर पशु चिकित्सक को भी नहीं बुलाया जाता। इतना ही नहीं, मंदिर परिसर में होने वाले शादी समारोहों के बाद पत्तल, दौने और प्लास्टिक के गिलास खुले में फेंक दिए जाते हैं, जिन्हें खाने से गायों के बीमार होने की बात भी शिकायत में कही गई है। गौसेवकों ने आरोप लगाते हुए कहा कि गोशाला अध्यक्ष से समस्याओं को लेकर बात करने पर गौसेवकों को धमकाया जाता है। गौसेवकों ने सांगोद पहुंचकर अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों को ज्ञापन सौंपकर गौशाला कार्यकारणी में बदलवा व 3 दिन में व्यवस्था में सुधार करने हेतु प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो ग्रामीणों के साथ धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।

गोशाला अध्यक्ष प्रदीप मेरोठा ने सभी आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि गोशाला पूरी तरह व्यवस्थित रूप से संचालित हो रही है और समय पर गोवंश की सेवा की जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि गोशाला जनसहयोग से संचालित हो रही है और सरकार की ओर से कोई आर्थिक सहायता प्राप्त नहीं होती।

(न्यूज- बंटी जोशी)

Kanwas News
Author: Kanwas News

क्षेत्रों से जुड़ी हर छोटी बड़ी खबरों के साथ

और पढ़ें
और पढ़ें