Kanwas News/सांगोद. ऐतिहासिक और लोकआस्था के प्रतीक न्हाण लोकत्सव की तैयारियां विधिवत रूप से शुरू हो गई हैं। न्हाण अखाड़ा चौधरी पाड़ा के पंच पटेलों द्वारा मंगलवार को प्रातः 5 बजे माँ ब्राह्मणी माता मंदिर में पूजा-अर्चना करवाई गई। परंपरा के अनुसार माँ ब्राह्मणी माता को सांगोद न्हाण में पधारने का न्यौता दिया गया। पंच पटेलों ने बताया कि पांच दिवसीय न्हाण लोकत्सव में हाड़ौती अंचल से हजारों श्रद्धालु और दर्शक पहुंचते हैं। किसी भी प्रकार की अनहोनी से बचाव और आयोजन की सफलता के लिए महाशिवरात्रि के दो दिन बाद अमावस्या को सोरसन में माँ ब्राह्मणी माता की पूजा कराने की परंपरा वर्षों से निभाई जा रही है। इस वर्ष घुघरी का जलसा 4 मार्च को परंपरागत मार्ग से निकलेगा। 5 मार्च को न्हाण अखाड़ा चौधरी पाड़ा के बारहभाले की सवारी निकलेगी।

6 मार्च को बादशाह की सवारी आकर्षण का केंद्र रहेगी। 7 मार्च को पड़त रहेगी। 8 मार्च को न्हाण अखाड़ा चौबे पाड़ा की बारह भाले की सवारी निकाली जाएगी और 9 मार्च को बादशाह की सवारी के साथ सांगोद का ऐतिहासिक न्हाण लोकत्सव विधिवत संपन्न होगा।
सांगोद का न्हाण केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि आस्था, परंपरा और लोक संस्कृति का अद्भुत संगम है, जिसका इंतजार पूरे हाड़ौती क्षेत्र को रहता है। इस अवसर पर पंच पटेल बाबूलाल शर्मा, रमेश हरियाणा, श्याम मनोहर शर्मा, गिरिराज मंगल, बृजमोहन राठौर सहित पत्रकार रवि सुमन, योगेंद्र, पंकज, पवन, गोलू सोनी, दीपक गौत्तम, गिरधर जोशी, महेंद्र शर्मा और ओम शर्मा मौजूद रहे। मंदिर के पुजारी मनीष कुमार शर्मा आदि मौजूद थे।
(न्यूज- बीएम राठौर)











